राम मंदिर के चंदे का मुद्दा उठाया
अयोध्या में राम मंदिर के चंदे में कथित अनियमितता का मुद्दा उठाते हुए अजय राय ने कहा कि यह मामला ठंडे बस्ते में नहीं गया है। उन्होंने भाजपा पर भगवान राम के नाम पर मिले धन में चोरी करने का आरोप लगाया और कहा कि वर्ष 2027 के चुनाव में इसका जवाब मिलेगा। उन्होंने कहा कि भगवान राम के नाम पर राजनीति करने वालों को जनता के सवालों का सामना करना पड़ेगा।
शिक्षक एमएलसी चुनाव नहीं लड़ने का फैसला पार्टी का
शिक्षक एमएलसी चुनाव में कांग्रेस के नहीं उतरने के सवाल पर अजय राय ने कहा कि यह राष्ट्रीय नेतृत्व का निर्णय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी ने चुनाव से पीछे हटने का फैसला किया है, इसे वॉकओवर नहीं कहा जा सकता। कार्यकर्ताओं की ओर से चुनाव की तैयारी किए जाने और उनके निराश होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि राजनीति में हताशा और निराशा की जगह नहीं है। संघर्ष करना और जनता के मुद्दों पर आगे बढ़ना ही राजनीति का उद्देश्य है। चुनाव की तैयारी में कार्यकर्ताओं के खर्च के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी अपने कार्यकर्ताओं को मजबूत करेगी।
पिंडरा से चुनाव लड़ने का किया एलान
आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी दावेदारी के सवाल पर अजय राय ने कहा कि वह पिंडरा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि यह उनका विधानसभा क्षेत्र है और वहां की जनता का उन्हें भरपूर प्यार मिलेगा। जौनपुर की सीटों और वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस संबंध में निर्णय कांग्रेस का राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा। इंडिया गठबंधन के सहयोगियों के साथ कांग्रेस मजबूती से खड़ी रहेगी। अखिलेश यादव के साथ गठबंधन को लेकर भी अंतिम फैसला राष्ट्रीय नेतृत्व ही करेगा।