पटना एयरपोर्ट के रनवे पर क्रैस फायर टेंडर वाहन खराब होने के चलते दिल्ली और कोलकाता से आ रहे विमान को डायवर्ट कर वाराणसी एयरपोर्ट में लैंडिंग कराई गई। दोनों विमान घंटो लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर खड़े रहे। इससे यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी।
विज्ञापन
पटना एयरपोर्ट के रनवे के पास स्थिति झाड़ियों में बुधवार को आग लग गई। इसे बुझाने पहुंचा क्रैस फायर टेंडर लौटते समय रनवे पर ही खराब हो गया। इस पर नई दिल्ली से पटना जा रहे इंडिगो के विमान संख्या 6ई 811 को डायवर्ट कर वाराणसी एयरपोर्ट पर भेज दिया गया जो 1:20 बजे पहुंचा।
इसमें 175 यात्री सवार थे। दो घंटे 48 मिनट ठहरने के बाद विमान वाराणसी एयरपोर्ट से शाम 4:08 बजे पटना के लिए रवाना हुआ। स्पाइसजेट का विमान एसजी 6258 जो कोलकाता से पटना जा रहा था, उसे भी वाराणसी एयरपोर्ट पर डायवर्ट कर दिया गया।
विमान में 158 यात्री और दो बच्चे सवार थे। यह विमान वाराणसी एयरपोर्ट पर 1:45 बजे पहुंचा और लगभग दो घंटे 18 मिनट रुकने के बाद 3:53 बजे पटना के लिए उड़ान भरी।