पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शहर में जिस तरह महाकुंभ की भीड़ को थामने का प्रबंध किया गया था, ठीक उसी तर्ज पर सुरक्षा एवं कानून समेत यातायात व्यवस्था होगी। बाहर से आने वाली भीड़ शहर में दो से तीन दिन तक रुकेगी। ऐसे में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखना चुनौती होगी।
घाट किनारे एयर शो देखने वालों की सुरक्षा भी प्राथमिकता में होगी। नाविकों के साथ जल पुलिस बैठक कर उन्हें निर्देशित करेगी। घाट किनारे एनडीआरएफ, पीएसी रामनगर और भुल्लनपुर के गोताखोर भी रहेंगे। गंगा की लहरों पर एयर एंबुलेंस भी होंगी।
एयर शो के समय चंदौली, पड़ाव से आने वालों को अवधूत भगवान राम आश्रम के पास से डोमरी की तरफ से ले जाया जाएगा। गंगा की रेता से एयर शो का नजारा देख सकेंगे। राजघाट पुल पर वाहनों की आवाजाही उस समय तक रोक दी जाएगी। यही व्यवस्था सामनेघाट पुल पर भी लागू होगी। रामनगर से आने वालों को बलुआ घाट की तरफ मोड़ा जाएगा।