30 लाख दर्शकों के लिए सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की पुलिस आयुक्त ने की समीक्षा
विज्ञापन
माई सिटी रिपोर्टर वाराणसी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने एयर शो की तैयारियों को लेकर सोमवार को पड़ाव चौराहा, रामनगर बाईपास, टेंगरा मोड़, डोमरी गंगा घाट और कोदोपुर घाट का दौरा किया। सुरक्षा, भीड़ और यातायात प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की। 22, 23 और 25 अक्तूबर को प्रस्तावित एयर शो में 30 लाख लोगों की भीड़ उमड़ने की संभावना है। पुलिस आयुक्त ने व्यवस्थित पार्किंग, प्रवेश-निकास और पैदल मार्गों की प्रभावी व्यवस्था को कहा। बैरिकेडिंग, प्रतीक्षा क्षेत्र और कतार प्रबंधन पर भी विशेष जोर दिया। संभावित भीड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। गंगा के दोनों ओर चिह्नित पार्किंग स्थलों का भी निरीक्षण किया। वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग और सुगम यातायात के निर्देश दिए।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि एयर शो के दौरान निगरानी कैमरों, ड्रोन और अन्य तकनीकी संसाधनों से लगातार नजर रखी जाएगी। संवेदनशील और अधिक भीड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। इससे प्रत्येक गतिविधि पर प्रभावी नजर रख तुरंत कार्रवाई की जा सकेगी। संभावित अत्यधिक भीड़ को देख आपातकालीन मार्ग और आपातकालीन निकास को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए है। कमियों को समयबद्ध रूप से दूर करने के लिए पूर्वाभ्यास भी किया जाए। पुलिस और संबंधित विभाग आपसी समन्वय से काम करेंगे। इसका उद्देश्य ऐसा प्रबंधन करना है, जिससे आमजन सुरक्षित वातावरण में इस भव्य आयोजन का आनंद उठा सकें। उन्होंने जोर दिया कि सभी विभाग मिलकर काम करें ताकि कोई चूक न हो। निरीक्षण के दौरान डीसीपी काशी जोन गौरव बंशवाल, डीसीपी यातायात अनिल कुमार, एडीसीपी वैभव बांगर और अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान मिश्रा आदि रहे।