कई जिलों से एयर शो देखने पहुंच सकते हैं लोग
वायु सेना की ओर से प्रस्तावित एयर शो की तैयारियां प्रशासनिक महकमे ने शुरू कर दी है। एयरफोर्स ने जिला प्रशासन को इनपुट दिया है कि वाराणसी, चंदौली, जौनपुर, मिर्जापुर समेत आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में लोग एयर शो देखने पहुंच सकते हैं। एयर शो में प्रधानमंत्री, रक्षा मंत्री, तीनों सेनाओं के अध्यक्ष समेत देश की कई प्रमुख हस्तियां शामिल होने की उम्मीद है। नमो घाट पर उनके लिए विशेष मंच तैयार किया जाएगा जहां करीब 500 विशिष्ट अतिथियों के बैठने की व्यवस्था रहेगी।
इसे भी पढ़ें; कफ सिरप केस: दुबई में शुभम के साथ फरारी काट रहे हैं चौक के तीन कारोबारी, मिलिंद यादव भी एसटीएफ के रडार पर
एक घंटे पहले नो बोट जोन
एयर शो के दौरान सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन सबसे बड़ी चुनौती होगी। प्रशासन और पुलिस विभाग अभी से इसकी रणनीति तैयार करने में जुटे हैं। एयर शो के एक घंटे पहले और एक घंटे बाद गंगा में नो-बोट जोन लागू रहेगा, जिससे किसी भी प्रकार की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। बारिश के बाद गंगा किनारे जमा होने वाली रेत को हटाने के लिए नगर निगम समेत विभिन्न विभागों के साथ बैठक हो चुकी है और इस दिशा में समय रहते काम शुरू करने की तैयारी है।
अधिकारी बोले
20 अक्तूबर से सूर्य किरण एरोबेटिक टीम के विमान वाराणसी पहुंचने लगेंगे। इनके पार्किंग और ईंधन की व्यवस्था की एयरपोर्ट प्रशासन करेगा। विमान पांच दिन तक अभ्यास करेंगे। इसके बाद काशी का आसमान भारतीय वायुसेना के हैरतअंगेज करतबों का गवाह बनेगा। -पुनीत गुप्ता, एयरपोर्ट निदेशक