काशी में एयर शो के तीसरे और आखिरी दिन रविवार को भीड़ का ऐसा सैलाब उमड़ा कि गंगा घाटों से लेकर डोमरी, सूजाबाद, कटेसर और बहादुरपुर तक पैर रखने की जगह नहीं बची। प्रशासन के मुताबिक, रविवार को गंगा के इस पार करीब आठ लाख और उस पार करीब 12 लाख, यानी लगभग 20 लाख लोग हवाई करतब देखने पहुंचे। यह भीड़ छठ और देव दीपावली पर गंगा किनारे जुटने वाली करीब 10-10 लाख की भीड़ से दोगुनी से अधिक रही।
तीन दिवसीय एयर शो का आयोजन 22, 24 और 25 अक्तूबर को हुआ। रविवार सुबह नौ बजे तक पड़ाव से गंगा घाट की ओर जाने वाले रास्तों पर वाहनों और पैदल यात्रियों का दबाव तेजी से बढ़ गया। डोमरी, सूजाबाद, कटेसर और बहादुरपुर के घाटों पर लगातार भीड़ बढ़ती रही। डोमरी, अवधूत भगवान राम घाट और सूजाबाद के घाट सुबह 10 बजे तक खचाखच भर गए। लोगों के खड़े होने तक की जगह नहीं बची।
इसके बाद प्रशासन ने सुबह 11 बजे के बाद पहुंचने वाले लोगों को भीड़ का दबाव कम करने के लिए बहादुरपुर की ओर भेजना शुरू कर दिया। चंदौली और रामनगर की तरफ से पहुंचे कई लोगों ने भरे हुए घाटों तक जाने के बजाय बहादुरपुर में ही जगह तलाश ली।
घर से खाना लेकर निकले, कई किलोमीटर पैदल चले
एयर शो देखने के लिए चंदौली, गाजीपुर और बिहार के कैमूर समेत आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। परिवार के साथ आए लोगों ने भीड़ को देखते हुए घर से ही खाने-पीने का सामान रख लिया था। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग दिनभर के लिए तैयारी करके निकले। किसी ने मीठी रोटी बनाई तो कोई पराठे लेकर पहुंचा, ताकि भीड़ में खाने-पीने के लिए परेशान न होना पड़े।
पड़ाव चौराहे पर सख्त सुरक्षा, सात जगह बैरिकेडिंग
एयर शो के अंतिम दिन पड़ाव चौराहे पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। सुबह आठ बजे ही चौराहे से वाहनों का आवागमन बंद करा दिया गया। राजघाट पुल से पैदल आने-जाने वालों को भी रोक दिया गया। रामनगर से पड़ाव और पड़ाव से गंगा घाट तक सात स्थानों पर बैरिकेडिंग कर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।
सुबह 11 बजे के बाद पहुंचने वाले लोगों को पड़ाव से अवधूत भगवान राम घाट की ओर जाने से रोककर बहादुरपुर की तरफ भेजा गया। इसका उद्देश्य पहले से भरे घाटों पर भीड़ का दबाव कम करना था।
पार्किंग फुल, गलियों में खड़े हुए हजारों वाहन
एयर शो देखने आने वाले लोगों के वाहनों के लिए पड़ाव के साहूपुरी और रामनगर स्थित पीएसी ग्राउंड में पार्किंग की व्यवस्था की गई थी। भीड़ बढ़ने के साथ ही सुबह करीब 10 बजे तक दोनों पार्किंग स्थल भर गए। इसके बाद लोगों ने घाटों तक जाने वाले रास्तों और आसपास की गलियों में बाइक और अन्य वाहन खड़े करने शुरू कर दिए।
ब्रेड पकौड़ा 20, पानी की बोतल 50 रुपये तक बिकी
एयर शो के कारण गंगा किनारे के गांवों में अस्थायी बाजार भी गुलजार रहे। डोमरी से बहादुरपुर तक 150 से अधिक दुकानें सजी थीं। स्थानीय लोगों ने घरों में तैयार ब्रेड पकौड़ा, मोमोज, पकौड़ी, चना घुघुरी और समोसे बेचकर कमाई की।
भीड़ बढ़ने के साथ खाद्य सामग्री और पानी के दाम भी बढ़े। सामान्य तौर पर 10 रुपये में मिलने वाला ब्रेड पकौड़ा 20 रुपये में बिका। 20 रुपये वाली पानी की बोतल के लिए लोगों को 40 से 50 रुपये तक देने पड़े।
पड़ाव व्यापार मंडल के अध्यक्ष शुभम गुप्ता ने बताया कि रविवार को छोटे दुकानदारों ने करीब 15 लाख रुपये से अधिक का कारोबार किया। एयर शो समाप्त होने के बाद पड़ाव की दुकानें खुलीं तो दो घंटे के भीतर ही कई दुकानदारों का पूरा सामान बिक गया।