वाराणसी से 12 साल पहले एक करोड़ की ठगी करने वाला एजेंट ठाणे से गिरफ्तार किया गया। उसने लखनऊ में जमीन के नाम पर भी कई लोगों से धोखाधड़ी की। उस पर 50 हजार रुपये इनाम घोषित था।
12 साल पहले वाराणसी से एक करोड़ रुपये की ठगी कर लखनऊ भागे 50 हजार के वांछित राहुल श्रीवास्तव को लखनऊ एसटीएफ ने महाराष्ट्र के ठाणे से गिरफ्तार किया। वाराणसी में आरोपी स्पीक इंडिया मार्केटिंग कंपनी का एजेंट था। लोगों के रुपये गबन करने का आरोप लगा तो वह लखनऊ भाग गया।
विज्ञापन
लखनऊ में रहते हुए राज हाईटेक नामक कंपनी में ब्रोकर का काम किया, फिर खुद की कंपनी खोली जिसका वह निदेशक था। किसानों से जमीन खरीदकर कागजों पर ले-आउट तैयार कराकर लोगों को बेच दी, लेकिन कब्जा नहीं दिया।
लखनऊ में आरोपी के खिलाफ 32 आपराधिक मामले दर्ज हुए तो महाराष्ट्र भाग गया। राहुल लंबे समय से भागा हुआ था। गिरफ्तारी के समय उसके पास से एक आधार कार्ड, एक पैन कार्ड, एक ड्राइविंग लाइसेंस और 3050 रुपये बरामद हुए।
पूछताछ में राहुल श्रीवास्तव ने बताया कि वह पहले बनारस में स्पीक एशिया कंपनी में एजेंट था और वहां से एक करोड़ रुपये की ठगी की थी। लखनऊ आकर उसने राज हाईटेक नामक कंपनी में ब्रोकर बनकर किसानों से जमीन खरीदी। कागजों पर ले-आउट तैयार कराकर लोगों को बेच दी, लेकिन कब्जा नहीं दिया। उसके खिलाफ कई थानों में मामले दर्ज हुए।
वह लखनऊ छोड़कर मुंबई चला गया और तब से ठाणे में प्रॉपर्टी का काम कर रहा था। राहुल पर अधिकांश मामले लखनऊ के हजरतगंज, चिनहट, सुशांत गोल्फ सिटी, आशियाना, मोहन लालगंज और निगोहां थानों में दर्ज हैं। ये मामले मुख्य रूप से धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात, जालसाजी और धमकी देने से संबंधित है।