गांव में जुआ के विरोध में लंका थाना क्षेत्र के सीरगोवर्धनपुर स्थित रविदास मंदिर के सामने ग्रामीणों ने सोमवार की शाम सवा पांच बजे चक्काजाम कर दिया।
इसके चलते सीरगोवर्धनपुर-लौटूबीर मार्ग पर आवागमन बंद हो गया। गुस्साए ग्रामीणों का आरोप था कि बीएचयू पुलिस चौकी की शह पर गांव में आपराधिक गतिविधियां हो रही हैं। गांव में जुटने वाले दूरदराज के जुआरियों की वजह से क्षेत्र में चोरी, छिनैती, लूट जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं। सूचना पाकर पहुंचे लंका थानाध्यक्ष ने ग्रामीणों को आश्वस्त कर पौने सात बजे के लगभग चक्काजाम खत्म कराया।
आंदोलन की अगुवाई कर रहे राजेश यादव का कहना था कि बीएचयू पुलिस चौकी में तैनात दरोगा और सिपाहियों की शह पर क्षेत्र में कई जगह धड़ल्ले से जुआ का संचालन हो रहा है।
बाहर से जुआ खेलने आने वाले लोग क्षेत्र की लड़कियों और महिलाओं के साथ छेड़खानी करते हैं। लंका थानाध्यक्ष संजीव कुमार मिश्र ने आश्वस्त किया कि ऐसी गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्ती के साथ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिस किसी को भी ऐसी गतिविधियों की जानकारी हो, वे सीधा उन्हें फोन करे। वे स्वत: आकर ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। इस दौरान पंचम यादव, लालबहादुर यादव, पप्पू यादव, राजकुमार, अजय यादव, प्रमोद आदि रहे।