वाराणसी में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में मतदान के बाद अब प्रशासन सकुशल मतगणना की तैयारी में जुट गया है। जिले के आठ ब्लॉकों में होने वाली मतगणना की तैयारी शुरू हो गई है। मतगणना पर्यवेक्षक संग सहायक बनाने की तैयारी की जा रही है। 2592 बूथों की मतपेटियों की गणना के लिए डेढ़ हजार कर्मचारी लगाए जाएंगे।
हर टेबल पर एक-एक पर्यवेक्षक और तीन-तीन गणना सहायक रहेंगे। करीब 200 सहायक अतिरिक्त रखे जाएंगे। जिले में दूसरे चरण में सोमवार को जिला पंचायत, गाम प्रधान, बीडीसी और ग्राम पंचायत सदस्य के सभी पदों के लिए मतदान हुआ। छिटपुट घटनाओं को छोड़ दिया जाए तो मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रांग रूम में रखा गया है।
अब प्रशासनिक अफसरों का सारा ध्यान दो मई को होने वाली मतगणना पर टिक गई है। इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर कार्ययोजना तैयार की जा रही है। पंचायत जिला निर्वाचन अधिकारी राजाराम वर्मा ने बताया कि आठों ब्लॉक में मतगणना की तैयारी की जा रही है। टेबलवार गिनती की जाएगी।