वाराणसी में मां अन्नपूर्णा की प्राण प्रतिष्ठा के बाद सीएम योगी करेंगे जनसभा।
- फोटो : अमर उजाला
काशी में मां अन्नपूर्णा की प्रतिमा के स्वागत के लिए उत्सव का माहौल होगा। काशी विश्वनाथ धाम में माता अन्नपूर्णा की प्राण प्रतिष्ठा के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रुद्राक्ष कंवेंशन सेंटर में जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इस दौरान वे कनाडा से प्रतिमा लाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की विस्तृत जानकारी देंगे।
बनारस में माता की प्रतिमा के स्वागत के लिए जिला प्रशासन की ओर से तैयारियां तेज हो गई हैं। 15 नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में माता अन्नपूर्णा की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न होगी। इसके बाद सीएम रुद्राक्ष कंवेंशन सेंटर में शहर के प्रबुद्ध लोगों को संबोधित करेंगे।
यहां बता दें कि मां अन्नपूर्णा के लिए रानी भवानी उत्तरी गेट के बगल में मंदिर का निर्माण कार्य चल रहा है। मंदिर परिक्षेत्र के ईशान कोण में ही निर्मित मंदिर में माता की प्रतिमा विराजमान होंगी। मां अन्नपूर्णा की प्रतिमा 14 नवंबर को अयोध्या से जौनपुर होते हुए वाराणसी पहुंचेगी। 14 नवंबर की रात्रि में मां अन्नपूर्णा की प्रतिमा का रात्रि विश्राम पिंडरा में होगा।
एसडीएम पिंडरा माता की प्रतिमा का स्वागत पिंडरा में करेंगे। इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट 15 नवंबर को माता अन्नपूर्णा की प्रतिमा का नगर भ्रमण कराएंगे। नगर भ्रमण करने के उपरांत मां अन्नपूर्णा की प्रतिमा काशी विश्वनाथ धाम पहुंचेगी जहां सीएम योगी आदित्यनाथ माता की प्रतिमा की अगवानी करेंगे।
सभी विधानसभाओं में कराया जाएगा भ्रमण
मां अन्नपूर्णा की प्रतिमा का पूरे शहर में भ्रमण कराया जाएगा। इसके लिए सभी जनप्रतिनिधियों की अगुवाई में स्वागत का कार्यक्रम तय किया गया है। जनप्रतिनिधि भव्य स्वागत के साथ प्रतिमा को अपनी विधानसभा से आगे ले जाएंगे। इसके लिए भी भाजपा पदाधिकारी भी कार्ययोजना बना रहे हैं।