Varanasi News: दालमंडी के सड़क चौड़ीकरण के तहत शनिवार दोपहर बाद पीडब्ल्यूडी की टीम कार्रवाई करने पहुंची। करीब दो घंटे तक हथौड़ों की मदद से एक दुकान और चौक थाने की बैरक को तोड़ा गया। जिस दुकान को तोड़ा गया, उसमे तीन हिस्सेदार हैं, विजय, कल्लू और भोला चाैरसिया। वह पान की दुकान चलाते हैं, उन्हें मुआवजा के तौर पर 2 लाख 80 हजार मिला रुपये मिले।
पिछले सप्ताह शुरू की कार्रवाई में राकेश और दीपक स्टूडियो को तोड़ा गया था। इसी से सटी हुई यह पान की दुकान थी। तीनों भाई इसे चलाते थे। यह चौड़ीकरण की जद में थी। शनिवार को इसे तोड़ दिया गया। इसी के साथ बैरक भी तोड़ी गई। अफसरों ने बताया कि मुआवजा की राशि दे दी गई है।
कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने चाैक थाने के बगल में पुलिस ने बल्ली लगाकर दालमंडी में जाने वाला एक तरफ का रास्ता रोक दिया और दूसरे तरफ नारियल बाजार से आने वाले रास्ते में बैरिकेड्स बंद कर दिया। इस दौरान दालमंडी चौकी इंचार्ज प्रकाश सिंह चौहान मौजूद और प्रशासन के अफसर मौजूद रहे।
मरियम सेवा समिति अस्पताल की हुई नापी
दालमंडी चौड़ीकरण की जद में मरियम सेवा समिति का अस्पताल भी आ रहा है। शनिवार को अधिकारियों ने इसकी नापी कराई। प्रशासन और पीडब्ल्यूडी की टीम ने करीब दो घंटे तक उसकी नापजोख का काम पूरा किया। अफसरों ने बताया कि जल्द ही चौड़ीकरण के काम को और तेज किया जाएगा।