वाराणसी। कचहरी में अधिवक्ताओं ने शुक्रवार को दूसरे दिन में काम नहीं किया। उन्होंने एसएसपी कार्यालय में तोड़फोड़ के मामले में डेढ़ सौ वकीलों के खिलाफ केस दर्ज होने के मामले में नाराजगी जताई। प्रशासन को आगाह किया कि किसी भी अधिवक्ता के खिलाफ कार्रवाई हुई तो इसके गंभीर परिणाम होंगे।
सेंट्रल बार और बनारस बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ने कहा कि शांत माहौल को पुलिस प्रशासन बिगाड़ने का काम न करे। वकीलों को मुकदमे के नाम पर प्रताडि़त किया गया तो अधिवक्ता शांत नहीं बैठेंगे। इस बीच, कचहरी परिसर में दूसरे दिन भी पुलिस मुस्तैदी से डटी रही। सीओ कैंट के नेतृत्व में फोर्स ने फ्लैग मार्च किया। इस बीच, बनारस बार एसोसिएशन ने इलाहाबाद घटना में गोली से मृत अधिवक्ता नबी
अहमद और बनारस में अधिवक्ता अंजू मेहता की बीमारी से मौत पर गहरा दुख जताया गया। शोकसभा कर श्रद्धांजलि दी गई। अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष शंभू शरण ने की। संचालन महामंत्री अजय विक्रम सिंह ने किया। अधिवक्ताओं ने 16 मार्च को इलाहाबाद की घटना को लेकर पूरे देश में घोषित हड़ताल को सफल बनाने की अपील की।