राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल के बयान से खफा अधिवक्ताओं ने सोमवार को रजिस्ट्री ऑफिस में तालाबंदी कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान राज्यमंत्री के चित्र पर कालिख पोत अपनी नाराजगी जाहिर की। सेंट्रल व बनारस बार एसोसिएशन के नेतृत्व में धरनारत अधिवक्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। सभा के दौरान बनारस बार के अध्यक्ष विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि यह सांकेतिक धरना है। यदि राज्यमंत्री बयान वापस नहीं लेते हैं तो आंदोलन शुरू किया जाएगा। अधिवक्ताओं की अनदेखी नहीं की जा सकती।
वहीं, सेंट्रल बार के महामंत्री कन्हैया लाल पटेल ने कहा कि राज्यमंत्री ने बयान वापस नहीं लिया तो प्रदेश के चार लाख अधिवक्ता मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन के लिए अग्रसर होंगे। जिसकी शुरुआत बनारस से होगी। इस क्रम में मंगलवार को डीएम पोर्टिको में धरना देकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन दिया जाएगा।
उधर, एआईजी स्टांप ने कहा कि राज्यमंत्री ने ऐसा कोई बयान या आदेश नहीं दिया है, जिसमें अधिक्ताओं के बगैर बैनामा किए जाने की बात कही गई हो। प्रदर्शन में विवेक कुमार सिंह, राजा आनंद ज्योति सिंह, विनय सिंह पिंटू, सुजीत पांडेय, अशोक कुमार, मोहम्मद आरिफ सिद्दकी, रंजन मिश्र, वीरेंद्र सिंह, सत्यप्रकाश सिंह, सुनील सिंह, हरिश्चंद्र मौर्य, शहनवाज खान, आनंद मिश्र, विवेक पांडेय आदि अधिवक्ता शामिल रहे।