मंडियों में मिलने वाले दूध में कितना दूध और कितना पानी है, इसकी जांच के लिए खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन को मोबाइल मिल्क टेस्ट मशीन मिली थी। 14 जून 2017 में इस मशीन का शुभारंभ हुआ था। यह मिलावटी दूध की जांच 40 सेकेंड में कर देती थी। लेकिन, पिछले साल यह दुर्घटना में खराब हुई तो फिर मरम्मत कराने की जहमत किसी ने नहीं उठाई।
बादाम और काजू जब्त
होली त्योहार को देखते हुए मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ अभियान जारी है। बुधवार को टीम ने 12 दुकानों पर छापा मारा। इस दौरान छेना, बर्फी, सरसों तेल, रिफाइंड, ड्राई फ्रूट्स आदि के 17 नमूने लेकर जांच को प्रयोगशाला भेजा। लखनपुर, भुल्लनपुर में 1196 पैकेट बादाम, 716 पैकेट किशमिश, 419 पैकेट काजू, 28 बोरी चावल जब्त कर नमूने भेजे गए। खाद्य सुरक्षा व औषधि विभाग के अभिहित अधिकारी संजय प्रताप सिंह ने बताया कि पिछले सप्ताह से अब तक 135 दुकानों पर छापा मारा गया। इस दौरान 118 नमूने जांच को भेजे गए।