वाराणसी। अपर पुलिस उपायुक्त नृपेन्द्र सिंह ने शनिवार को रामेश्वर मंदिर और वरुणा नदी के घाटों का निरीक्षण किया। छठ महापर्व और 29 नवंबर को आयोजित लोटा-भंटा मेला के मद्देनजर उन्होंने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का जायजा लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान घाटों और मेला स्थल पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और विद्युत आपूर्ति को परखी। श्रद्धालुओं के आवागमन और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। अपर पुलिस उपायुक्त ने संबंधित थाना प्रभारियों को विभागों से समन्वय स्थापित करने को कहा। उन्हें घाटों और मेला स्थल पर आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग, साइन बोर्ड और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
लोटा-भंटा मेला और यातायात प्रबंधन
आगामी 29 नवंबर को होने वाले लोटा-भंटा मेला में लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इसके मद्देनजर मेला स्थल और आसपास के मार्गों पर भीड़ प्रबंधन एवं यातायात व्यवस्था की समीक्षा की गई। जंसा थाने के साथ-साथ श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से प्रभावित होने वाले थाना बड़ागांव क्षेत्र में भी पर्याप्त पुलिस बल तैनात होगा। यातायात डायवर्जन, वैकल्पिक मार्गों का निर्धारण और मार्ग निर्देशन के लिए संकेतक लगाने के निर्देश दिए।