Manoj Kumar News: जानेमाने अभिनेता मनोज कुमार अब हमारे बीच नहीं रहे। उनका बनारस से भी खास रिश्ता था। उन्होंने अपनी फिल्म बनारसी ठग की शूटिंग यहीं की थी। इसके बाद उन्होंने यहां दोबारा आने की भी इच्छा जताई थी।
Actor Manoj Kumar: हिंदी सिनेमा के मशहूर अभिनेता मनोज कुमार भी बनारस के मोह से खुद को बचा नहीं सके थे। 21 दिनों तक बनारसी ठग के लिए बनारस आए मनोज कुमार पर बनारस का जादू ऐसा चला कि अंत समय तक वह इससे जुड़े रहे। 79वें जन्मदिन पर उन्होंने बनारस आने की इच्छा जताई थी लेकिन वह पूरी नहीं हो सकी।
विज्ञापन
यह कहना है वरिष्ठ पत्रकार अमिताभ भट्टाचार्य का। मनोज कुमार के निधन की सूचना पर नम आंखों से श्रद्धांजलि देते हुए उन्होंने कहा कि सन 1962 में मनोज कुमार पहली बार बनारसी ठग की शूटिंग के लिए बनारस आए थे। 21 दिनों तक शहर में घाट से लेकर मंदिरों में अलग-अलग स्थानों पर शूटिंग हुई।
उस दौरान मनोज कुमार ने साक्षात्कार में कहा था कि जितनी बार भी बाबा विश्वनाथ के मंदिर जाता हूं, मन की लालसा बढ़ जाती है। मन करता है कि वहां बार-बार जाऊं। पता नहीं ऐसा कौन सा आकर्षण है बाबा के मंदिर में जो मैं खुद ब खुद खिंचा चला जाता हूं। तीन सप्ताह का समय उन्होंने बनारस में बिताया था और शूटिंग के बाद खाली समय में वह बनारस के घाटों पर घूमते थे।
विज्ञापन
बनारस की संस्कृति, अनुष्ठान और काशीवासियों के पूजा-पाठ को देखकर वह बेहद आश्चर्यचकित हो जाते थे। उन्होंने कहा था कि बनारस से जो मुझे प्रेम मिला वह मैं पूरे जीवन नहीं भूल सकता। यही कारण था कि 79 वर्ष की अवस्था होने के बाद भी उनके मन में बनारस आने की इच्छा थी लेकिन पूरी नहीं हो सकी।