क्राइम ब्रांच के एक दरोगा, एक हेड कांस्टेबल और दो सिपाहियों को मंगलवार की रात एसएसपी ने निलंबित कर दिया। एसएसपी की इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।
एसएसपी अमित पाठक ने बताया कि 28 अगस्त को चौकाघाट में दो लोगों की हत्या कर दी गई थी। इसके साथ ही एक युवक की हत्या का प्रयास किया गया था। पुलिस टीमों की तफ्तीश में सामने आया कि वारदात से दो दिन पहले बाबतपुर स्थित एक ढाबे में पार्टी हुई थी। उस पार्टी में विवेक भी आया था। ऐसे में वांछित व घोषित अपराधियों के साथ मेलजोल रखने, वारदात के बाद विभागीय अफसरों से जानकारी न साझा करने और अपराधियों की गिरफ्तारी में रुचि न लेने के कारण क्राइम ब्रांच के सब इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार यादव, हेड कांस्टेबल घनश्याम वर्मा और कांस्टेबल कुलदीप सिंह व चंद्रसेन सिंह को निलंबित कर दिया गया है।