वाराणसी। अलीगढ़ में शराब से हुई मौतों के बाद शासन व प्रशासन की नींद टूटी है। दो दिवसीय अभियान के तहत रविवार को पुलिस और आबकारी विभाग ने अभियान चलाया। इस दौरान शराब के साथ 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
चौबेपुर संवाददाता के अनुसार परानापुर कंजड़ बस्ती में छापा मारकर शंकर, राजा शाहा, वरुण मंडल व राजेंद्र के कब्जे से 65 लीटर अवैध शराब और बरामद किया। इस दौरान पुलिस ने शराब बनाने की भट्ठियां भी तोड़ी। थानाध्यक्ष राजेश त्रिपाठी ने बताया कि अन्य इलाकों में भी जांच अभियान जारी है।
बड़ागांव संवाददाता के अनुसार थाना अंतर्गत दो अलग-अलग स्थानों से 40 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद किया गया। इस दौरान दो लोग गिरफ्तार किए गए। उधर, सेवापुरी संवादाता के अनुसार कपसेठी थाना अंतर्गत पुलिस ने शनिवार रात गहरपुर गांव में दस लीटर कच्ची शराब के साथ भदोही के चौरी निवासी राजेश गौतम और रामचंद्र राम को गिरफ्तार किया। रामपुर गांव के पास से राजू पटेल निवासी हरिहरपुर रोहनिया के कब्जे से पुलिस ने पांच लीटर कच्ची शराब बरामद किया।
उधर, एसीपी डॉ. चारु द्विवेदी, प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह, चौकी प्रभारी मोहनसराय इमरान, प्रभारी निरीक्षक आबकारी ने रोहनिया, शहावाबाद , मोहनसराय सहित क्षेत्र की शराब दुकानों की जांच की।