वाराणसी के इंग्लिशया लाइन स्थित कमलापति इंटर कॉलेज में बने अस्थायी जेल से शनिवार की शाम किशोरी से दुष्कर्म के आरोप में बंद एक बंदी चकमा देकर भाग निकला। मामला उजागर हुआ तो जेल कर्मियों के हाथ-पांव फूल गए। देर रात तक खोजबीन के बावजूद आरोपित का पता नहीं लगा। वहीं, इस घटना के बाद 178 बंदियों को जिला जेल में शिफ्ट कर दिया गया है।
जिला कारागार के अधीक्षक पवन त्रिवेदी ने बताया कि निगरानी ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी की लापरवाही सामने आई है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। फरार हुए बंदी के खिलाफ सिगरा थाने में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।