वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग पर उदयपुर गांव के समीप इमिलिया मोड़ पर गुरुवार रात तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से बाइक सवार लेखपाल की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को चोलापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने लेखपाल को वाराणसी स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय रेफर किया, जहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अल्लोपुर निवासी मनीष सिंह (40) पुत्र स्व. नरेंद्र सिंह पेशे से लेखपाल थे। गुरुवार रात करीब आठ बजे वह अपनी पत्नी अनु सिंह के साथ बाइक से घर से निकले थे। इमिलिया मोड़ के समीप सड़क पर बने कट से मनीष बाइक मोड़कर दाहिनी ओर जाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान वाराणसी की ओर से चोलापुर की तरफ जा रहे तेज रफ्तार बाइक सवार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।