वाराणसी। साकेत नगर कॉलोनी में बुधवार को पिकअप की टक्कर से बीएचयू के केंद्रीय विद्यालय के कक्षा दो के छात्र की मौत हो गई। सूचना पाकर लंका थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
लंका थाना अंतर्गत साकेत नगर कॉलोनी निवासी इकबाल बीएचयू अस्पताल में नौकरी करते हैं। इकबाल का पोता नदीम (10) घर से साइकिल की चेन बनवाने के लिए निकला था। इसी दौरान नरिया की ओर से आए तेज रफ्तार पिकअप ने नदीम को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल नदीम को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, हादसे के बाद पिकअप चालक की लोगों ने जमकर पिटाई की और पुलिस को सौंप दिया।
उधर, नदीम की मौत के बाद उसकी मां बेबी, पिता इमरान उर्फ बब्बू, दादी बकरीदन और दादा इकबाल सहित परिवार के अन्य लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों ने बताया कि इमरान कंप्यूटर सर्विस का काम करते हैं। नदीम के दो भाई और दो बहनें हैं। इस संबंध में लंका इंस्पेक्टर महेश पांडेय ने बताया कि आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।