हादसे के बाद मार्ग पर लगा जाम।
- फोटो : अमर उजाला
छतीसगढ़ राज्य की सीमा से सटे यूपी के सोनभद्र जिले के बभनी थाना क्षेत्र स्थित मनरुटोला गांव में बालू लदे ट्रक ने सोमवार की रात एक व्यक्ति को कुचल दिया। इससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक की हवा निकालकर सड़क जाम कर दिया।
बासदेव (45) पुत्र वीर सिंह निवासी मनरुटोला घर से दुकान पर सामान लेने गया था। सामान लेकर वह घर जा रहा था। घर के पास पहुंचते ही बालू लदे ट्रक ने बासदेव को कुचल दिया। दर्दनाक हादसे में बासदेव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़ लग गई। भीड़ का फायदा उठाकर चालक और खलासी मौके से फरार हो गए।
आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक की हवा निकाल दी, जिससे दोनों तरफ कई ट्रक खड़े हो गए। आधी रात सूचना पर पुलिस पहुंची। ग्रामीणों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने से इनकार कर दिया। थाना प्रभारी के समझाने और कार्रवाई के आश्वासन के बाद रात 12 बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इसके बाद धीरे धीरे जाम समाप्त हुआ।