खाना खाकर सोए थे बच्चे
गहमर कोतवाली इलाके पथरा गांव के पास एनएच 124सी सड़क के किनारे डोम परिवार के लोग झुग्गी झोपड़ी डालकर अपना जीवन यापन करते हैं। रोजाना की तरह शुक्रवार की शाम भी लालजी डोम के परिवार के बच्चे और पत्नी खाना खाकर सो गए।
बेकाबू ट्रेलर ने परिवार को रौंदा
इसी दौरान भदौरा की तरफ से गहमर की ओर जा रहा एक ट्रेलर अनियंत्रित हो गया। ट्रेलर ने सड़क किनारे झुग्गी में सो रहे लोगों को रौंद दिया। घटना के बाद चालक ट्रेलर लेकर फरार हो गया। घटना में लालजी डोम की कबूतरी (5), ज्वाला (2) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसकी पत्नी संतरा देवी (30) और सपना (7) समेत एक और बच्चे को चोट आई।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची गहमर कोतवाली पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी भदौरा में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद पत्नी संतरा देवी और पुत्री सपना की स्थिति गंभीर होने की वजह से जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
इलाज के दौरान बच्ची की मौत
यहां सात वर्षीय सपना की भी इलाज के दौरान मौत हो गई है। मृतक बच्चों के शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के समय लालजी कहीं गया था। गहमर कोतवाल अशेष नाथ सिंह ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें: UP: लॉक होने से एक घंटे तक कार में ही तड़पते रहे चारों दोस्त, खिड़की तोड़ निकाला बाहर; हाईवे पर दर्दनाक हादसा