आजमगढ़ जनपद के देवगांव कोतवाली क्षेत्र के मिर्जा आदमपुर गांव के पास ट्रक व स्विफ्ट कार के बीच हुई टक्कर में कार सवार कोषागार के लेखाकार की मौके पर ही मौत हो गई। तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजवाया।
कंधरापुर थाना क्षेत्र के दरौरा देवखरी गांव निवासी ओम प्रकाश मौर्य (58) कोषागार में लेखाकार थे। शुक्रवार को दिन में वे स्विफ्ट डिजायर कार से बेटे प्रवेश मौर्या (25), बड़ी बहू पूजा मौर्या (26), पौत्र दो वर्षीय अनय मौर्या पुत्र प्रवीन मौर्या व पंकज मौर्या (30) निवासी नई कालोनी पल्हनी थाना सिधारी के साथ वाराणसी जा रहे थे।
देवगांव कोतवाली क्षेत्र के मिर्जा आदमपुर के समीप सामने से आ रहे ट्रैक्टर से कार की टक्कर हो गई। हादसे में ओमप्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची देवगांव कोतवाली पुलिस ने सभी को सीएचसी टीकरगाढ़ लालगंज भेजा, जहां डॉक्टर ने ओम प्रकाश को मृत घोषित कर दिया।