वाराणसी। नगवां गंगोत्री विहार कॉलोनी में सीवेज पाइप लीकेज के चलते घरों में आई दरार की घटना से लोगों में नाराजगी तो हैं लेकिन डर भी बढ़ता जा रहा है। लिहाजा लोग अब घर से पलायन करने लगे हैं। मंगलवार की रात कालोनी के दो परिवार के लोगों ने घर छोड़ दिया और परिवार लेकर पड़ोसी के घर पहुंच गए। उधर पलायन की खबर के बाद से अब प्रशासनिक महकमे में भी हड़कंप मच गया है।
नगवां के गांगोत्री विहार कालोनी में सोमवार से ही घरों में दरार की घटना सामने आई थी। इसके बाद से हर कोई डरा सहमा है। इसके लिए लोगों ने जल निगम की लापरवाही बताई है। उधर, दीवार में दरार आने के बाद उसमें रहने वाले भयभीत हैं। मंगलवार रात में दरार के साथ ही जमीन भी धंसने लगी। इससे लोगों ने घर छोड़ना शुरू कर दिया है। किसी तरह रिक्शा चलाकर परिवार का भरण पोषण करने वाले गुरू प्रसाद रात करीब दस बजे परिवार के सदस्यों के साथ घर से बाहर सामान लेकर आ गए। किसी तरह पास के घर में जाकर शरण ले ली है। इसके अलावा सुनीता देवी भी घर छोड़कर बाहर आ गई। कालोनी के और लोग भी पलायन की तैयारी में हैं। अनिल साहनी, सुनीता और रामसेवक ने बताया कि दिवाली से शुरू हुई समस्या अब बढ़ गई है। इसके पहले दिन में भाजपा पार्षद अधिकारियों के साथ लोगों से बातचीत की। पूर्व पार्षद प्रतिनिधि सत्यप्रकाश सोनकर का कहना है कि सैकड़ों परिवारों की जिंदगी खतरे में है। आरोप लगाया कि समस्या समाधान करने के बजाय जनता को गुमराह किया जा रहा है।
00
आईआईटी के विशेषज्ञ करेंगे जांच
सीवेज पाइप में लीकेज की जांच आईआईटी बीएचयू के विशेषज्ञ करेंगे। जल निगम ने मंगलवार को पत्र लिखकर विशेषज्ञों को जांच की जिम्मेदारी सौंपी। उधर, घरों की दीवारों में दरार आने के बाद लोग दहशत में हैं। उनका कहना है कि जल निगम की लापरवाही की वजह से ही यह समस्या आई है।
-------
बाढ़ के कारण घरों में दरार आई है। घरों के निर्माण में ना तो विशेषज्ञ की जानकारी ली गई है ना तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इसके चलते घरों में समस्या आई है। -पल्लभ श्रीवास्तव, प्रोजेक्ट हेड एसएल इन्फ्रा।
-------
पाइप में लीकेज की जांच आईआईटी बीएचयू और जल कल विभाग की संयुक्त टीम करेगी। बुधवार को 11 बजे टीम मौके पर जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी।- एके बर्मन, जीएम जल निगम ग्रामीण।