आम आदमी पार्टी के बागी राजनीतिक ठौर तलाशने काशी आ रहे हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के लोकसभा चुनाव क्षेत्र रहे बनारस में आगामी चार जून को ‘स्वराज संवाद सम्मेलन’ का आयोजन होगा। इस दौरान जहां कई और बड़े नाम ‘आप’ के बागियों का साथ देने के लिए खड़े नजर आएंगे, वहीं चर्चा यह भी है कि सभी मिलकर ‘आप’ को कमजोर करने के लिए नए राजनीतिक संगठन की घोषणा भी करेंगे।
स्वराज संवाद का कार्यक्रम चार जून को सुबह 10 से पांच बजे तक, कबीरचौरा स्थित नागरी नाटक मंडली में होना है। इसमें आप के पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता योगेंद्र यादव, स्वराज संवाद के संयोजक प्रो. आनंद कुमार, अजीत झा, पूर्व राष्ट्रीय काउंसिल के सदस्य रहे प्रो. राकेश सिन्हा, प्रशांत भूषण व दिल्ली के विधायक पंकज पुष्कर अपने नए संगठन को मजबूती देने के लिए आ रहे हैं। इस दौरान ‘स्वराज संवाद’ को राजनीतिक दल बनाने पर चर्चा की जाएगी। इसकी घोषणा भी की जा सकती है।
आप के स्थानीय मीडिया प्रभारी श्वेतांक मिश्रा ने बताया कि आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय इकाई भी इस आयोजन पर निगाह रखे हुए है। ‘स्वराज संवाद’ की एक स्थानीय समिति यहां पूर्व प्रशासनिक अधिकारी देवराज व डॉ. अभिषेक चंद्रा के नेतृत्व में गठित भी की गई है। प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में भीतर ही भीतर नए राजनीतिक दल के उदय की सुगबुगाहट तेज होने लगी है और तमाम रणनीतिकारों की निगाहें इस सम्मेलन पर टिकी हैं।