सारनाथ। थाना क्षेत्र के मवइया पोखरे पर चल रहे निर्माण कार्य को लेकर गुरुवार को ग्रामीणों ने पुराना आरटीओ चौराहा के समीप जाम कर दिया। इससे पांडेयपुर-आशापुर मार्ग पर यातायात करीब एक घंटे प्रभावित रहा। सभी की मांग थी कि पोखरे पर चल रहा निर्माण कार्य तत्काल रुकवाया जाए।
सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराया और बाद में निर्माण कार्य रुकवा दिया। हालांकि इस पर भी ग्रामीण मानें नहीं और निर्माण कार्य को ध्वस्त कर दिए।
बाद में एसओ सारनाथ ने बताया कि डीएम के आदेश पर निर्माण कार्य पर रोक लगा दी गई है तब जाकर लोग माने और वाराणसी-गाजीपुर मार्ग पर आवागमन शुरू हो सका।
मवइया पोखरे पर एक व्यक्ति द्वारा मकान बनवाया जा रहा है। इसका वहां के ग्रामीण कई दिन से विरोध कर रहे थे। बुधवार को नगर निगम के तहसीलदार अविनाश कुमार ने मौके पर पहुंच कर निर्माण कार्य रुकवाया और संबंधित व्यक्ति को काम न शुरू कराने की चेतावनी दी।
इसके बावजूद गुरुवार को निर्माण कार्य फिर से शुरू गया। यह देख ग्रामीण भड़क गए और 11:50 बजे के लगभग पांडेयपुर-आशापुर मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। सूचना पर पहुंचे एसओ सारनाथ अमित श्रीवास्तव ने ग्रामीणों के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को एसीएम चतुर्थ के पास बातचीत को भेजा और आश्वस्त किया कि अब निर्माण नहीं होने पाएगा, तब जाकर लोग शांत हुए। चक्काजाम करने वालों में अभय पांडेय, जीतेंद्र पांडेय, बुद्धू यादव, मन्ना यादव, लीलावती देवी, गुलाबो देवी, मुन्नी देवी, सियाराम यादव आदि रहे।