उन्नाव रेपकांड और कठुआ गैंगरेप व हत्या के विरोध को लेकर गुरुवार को वाराणसी में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। लहुराबीर स्थित आजाद पार्क में जुटे आप कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और यूपी सरकार पर हमला बोला।
जिला सचिव जय प्रकाश यादव ने कहा कि बेटी पढ़ाओ बेटी बढ़ाओ का नारा देने वाली भाजपा की सरकार में बेटियां अब सुरक्षित नहीं हैं। पूर्वांचल के प्रांत अध्यक्ष संजीव सिंह ने कहा कि अपराधियों को राज्य छोड़ने की बात करने वाले योगी सरकार के प्रदेश में बेटियां अब सुरक्षित नहीं है।
वहीं दुष्कर्म के आरोपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को बचाने तथा पूर्व मंत्री एवं सांसद स्वामी चिन्मयानंद के ऊपर चल रहे रेप केस वापस लेने में ही शासन जुटा हुआ है। जिला प्रभारी आलोक त्रिपाठी ने कहा कि अन्य सरकारों की तुलना में योगी सरकार के कार्यकाल में अपराधों में बेतहाशा वृद्धि हुई है।