यूपी बोर्ड की परीक्षा के लिए इस बार हाईस्कूल और इंटर के छात्र-छात्राओं को परीक्षा देने के लिए आधार कार्ड लेकर जाना पड़ेगा। इस आशय का निर्देश लखनऊ से जारी होने के बाद विभागीय सक्रियता बढ़ गई है। खास बात यह है कि ज्यादातर छात्र-छात्राओं के आधार कार्ड अब तक बने नहीं हैं।
ऐसे में उनके साथ-साथ विभागीय मशक्कत भी बढ़ने की उम्मीद है। सरकार आवश्यक सुविधाओं को लेने के लिए आधार कार्ड को अनिवार्य करने के बाद अब परीक्षाओं के लिए भी आधार को अनिवार्य कर दिया है।
प्रमुख सचिव शिक्षा ने इस संबंध में निर्देश जारी कर दिया है। निर्देश जारी होने के बाद शिक्षा विभाग परीक्षार्थियों के आधार कार्ड को लेकर सक्रिय हो गया है। सभी माध्यमिक विद्यालयों को निर्देशित किया गया है कि परीक्षार्थियों को आधार कार्ड की अनिवार्यता की जानकारी दें।
जिन परीक्षार्थियों ने अब तक आधार कार्ड नहीं बनवाया है, उन्हें परीक्षा शुरू होने से पहले बनवाने का निर्देश दिया गया है। यूपी बोर्ड की परीक्षा छह फरवरी से शुरू होगी। सभी विद्यार्थियों का आधार कार्ड शीघ्र बन जाए, विद्यालयों ने इसकी कयावद शुरू कर दी है। आधार कार्ड बनवाने के लिए विद्यालयों में शिविर के आयोजन पर भी चर्चा शुरू हो गई है।