कोतवाली क्षेत्र के कस्तूरबा गांधी विद्यालय के पीछे रेलवे ट्रैक के किनारे रविवार की रात ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई।
सोमवार को परिजनों ने सोशल मीडिया पर फोटो देख उसकी पहचान की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गोपीगंज नगर के मिर्जापुर रोड निवासी पिता राजेश ने बताया कि निवासी शुभम (21) रविवार को घर से पटाखा जलाने के बहाने निकल गया था। वह देर रात तक घर नहीं लौटा। काफी देर तक तलाश की गई, लेकिन पता नहीं चल सका। रविवार की रात कुछ लोगों ने कस्तूरबा स्कूल के पीछे रेलवे ट्रैक के किनारे एक युवक को मृत अवस्था में पड़ा देखा।
इसकी सूचना मंडी चौकी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अज्ञात के रूप में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सोशल मीडिया पर फोटो वायरल होने पर जानकारी हुई।
प्रयागराज से वाराणसी की ओर जा रही दादर-गोरखपुर एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत हुई थी। शुभम दो भाइयों में छोटा था।
प्रभारी निरीक्षक सच्चिदानंद पांडेय ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।