आईआईटी बीएचयू में चल रहे प्लेसमेंट के दौरान एक छात्र को एक करोड़ 95 लाख का पैकेज ऑफर किया गया है। ये पैकेज गूगल की ओर से छात्र को ऑफर किया गया है। गुरुवार को कैंपस प्लेसमेंट के दूसरे दिन पहले सत्र में करीब 24 आईआईटियंस को जॉब ऑफर मिले।
दूसरे दिन ओला, ग्रोफर्स, जनरल मोटर्स, वालमार्ट, ओरेकल, मोर्गन स्टैनले, सैप लैब्स जैसी मल्टीनेशनल कंपनियां कैंपस प्लेसमेंट के लिए आई थीं। आईआईटी बीएचयू में एक दिसंबर से शुरू हुए कैंपस प्लेसमेंट में पहले दिन करीब 23 विदेशी और देशी मल्टीनेशनल कंपनियां प्लेसमेंट के लिए आई थीं।
पहले दिन जहां 90 छात्र-छात्राओं का प्लेसमेंट हुआ। इसमें सबसे ज्यादा 14 का प्लेसमेंट माइक्रोसॉफ्ट कोरपोरेशन की ओर से हुआ है। इसके अलावा ईएक्सएल सर्विसेज ने 11, गोल्डमैन सैच्स ने नौ, फ्लिपकार्ट ने छह और सैमसंग ने पांच को जॉब ऑफर किया।
इन 90 के अलावा 72 छात्र-छात्राओं का चयन प्री प्लेसमेंट ऑफर के तहत पहले ही हो गया है। मतलब ये कि इन 72 छात्र-छात्राओं को उनकी इंटर्नशिप और ट्रेनिंग के आधार पर कंपनियों ने उनका चयन पहले ही कर लिया था।