डीरेका स्थित सेंट जॉस स्कूल में सोमवार की सुबह सात बजे स्कूल बस की चपेट में आकर कक्षा पांच का छात्र आदित्य तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गया।
आननफानन में आरपीएफ के जवानों और बस के ड्राइवर के सहयोग से छात्र को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी हालत स्थिर बताई गई है। इस दौरान छात्रों और उन्हें स्कूल छोड़ने आए अभिभावकों के बीच काफी देर तक अफरातफरी का माहौल रहा।
जंगमबाड़ी की डॉ. सुरुचि तिवारी और संजय तिवारी का बेटा आदित्य तिवारी अपने नाना केदार नगर कॉलोनी डॉ. बीडी दूबे के यहां रहकर डीरेका स्थित सेंट जांस स्कूल में कक्षा पांच में पढ़ता है। सोमवार की सुबह रोजाना की भांति वह मिनी बस से स्कूल गया।
उतरकर वह स्कूल की तरफ जाने लगा इसी दौरान भुल्लनपुर निवासी ड्राइवर जयप्रकाश बस को पीछे करने लगा। इसी बीच आदित्य का पैर बस के पिछले पहिये की चपेट में आ गया। मौके पर मौजूद लोगों के शोर मचाने पर ड्राइवर ने बस को रोका।
ड्राइवर और समीप ही मौजूद आरपीएफ के जवानों ने बाइक से तत्काल आदित्य को नजदीक के निजी अस्पताल पहुंचाया जहां उसका उपचार जारी है।घायल छात्र आदित्य को तत्काल अस्पताल पहुंचाने वाले आरपीएफ के जवान पुरस्कृत किए जाएंगे।
आरपीएफ कमांडेंट जितेंद्र श्रीवास्तव ने यह जानकारी देते हुए बताया कि हमारे जवानों ने बिना देर किए हुए तत्परता दिखाई, यह बेहद सराहनीय कदम था।