बलिया के ददरी मेला में लगने वाले नंदी ग्राम पशु मेला में हर बार कोई ना कोई पशु ऐसा आता है जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बन जाता है। इस बार लोगों के आकर्षण की केंद्र बनी है रोज तीस लीटर दूध देने वाली गाय। जिले के किशुनीपुर निवासी सीआरपीएफ के पूर्व सूबेदार हरेराम यादव की चितकबरी फिलजियन नस्ल की ये गाय शुक्रवार को 77 हजार रुपये में बिकी।
विज्ञापन
इस गाय पर कई दिन से ग्राहक मंडरा रहे थे, लेकिन मोल-भाव में पटरी नहीं बैठ रही थी। शुक्रवार को आलमपुर निवासी गंगा विष्णु सिंह गाय को खरीदकर अपने घर ले गए।
पूर्व सूबेदार यादव ने गाय की खासियत बताते हुए कहा कि यह रोजाना 30 लीटर दूध देती है। इसे तीन किलो सुधा दाना सहित अन्य पौष्टिक दाना के साथ ही चार किलो हरा चारा और पांच किलो भूसा खिलाते थे। बच्चा देने के कुछ दिनों बाद तक गाय को तीन बार दूहना पड़ता है।
सबसे खास यह है कि वह इस बछिया को पंजाब से आठ महीने पूर्व लाये थे। पोष्टिक खाना खिलाने की बदौलत यह जल्द तैयार हो गयी। पशु मेला में खरीद-बिक्री बढ़ने से नगरपालिका की आय बढ़ी है। इस गाय को देखने के लिए दर्जनों लोगों की भीड़ लगी रही।