खानपुर थाना के मकरसनपुर गांव में पाजिटिव मिलने के बाद बनाया गया हाटस्पाट।
- फोटो : GHAZIPUR
गाजीपुर। मुंबई से अपने घर आए एक व्यक्ति के कोरोना संक्रमित पाए जाने से खानपुर के मौधा बाजार में अफरा-तफरी मची हुई है। गुरुवार की रात एंबुलेंस लेकर पहुंची पुलिस ने उसे मोहम्दाबाद स्थित कोविड अस्पताल भेज दिया। व्यक्ति के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर जीसी मौर्य ने की है। श्री मौर्य ने कहा कि उक्त मरीज जौनपुर की सूची में शामिल है।
बृहस्पतिवार को देर रात आई रिपोर्ट के बाद दूसरे दिन सुबह पहुंच कर पुलिस ने मौधा बाजार सील कर दिया। साथ ही दुकानें बन्द करवा कर लोगों के आवागमन पर रोक लगा दी गई। देखा जाए तो जनपद में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। वर्तमान में एक मरीज जौनपुर, एक वाराणसी और एक 57 मरीज मोहम्मदाबाद कोविड हॉस्पिटल में भर्ती है। इस संबंध में मौधा पुलिस चौकी प्रभारी संजय कुमार सरोज ने बताया कि संक्रमित व्यक्ति मुंबई से 30 मई को अपने घर आया था। इस बीच वह अपने ही घर क्वारंटीन था। बीते पांच जून को जौनपुर स्थित बीरीबारी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच के लिए अपना स्लैब दिया था। इसकी रिपोर्ट 11 मई को रात में पाजिटिव मिलने के बाद स्वास्थ्य महकमे के भी कान खड़े हो गए। स्वास्थ्य विभाग की टीम पूरे परिवार सहित संपर्क में आने वाले लोगों की सूची तैयार कर रही है। साथ ही सबको क्वारंटीइन कर दिया गया है।