यूपी के गाजीपुर जिले में प्रेम प्रसंग में एक युवक की हत्या की सनसनीखेज घटना सामने आई है। प्रेम संबंधों को लेकर बाइक सवार हमलावरों ने गुरुवार को सुबह साढ़े दस बजे गाजीपुर-वाराणसी मार्ग पर अतरौली गांव के पास एक युवक की हाकी से पीट कर हत्या कर दी। मृतक की मां ने कहा कि उसके बेटे की हत्या प्रेम संबंध में की गई है।
विज्ञापन
बताया कि युवती उसके बेटे से मिलने रात में उसके घर आई थी। बाद में युवती के घरवाले उसे ले गए और सुबह उसने जहर खा लिया। इससे गुस्सा हो कर उसके बेटे की हत्या कर दी गई है। उधर, पुलिस इसे सड़क हादसा बता रही है। जहर खाने वाली युवती का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के बकराबाद निवासी बाबूलाल बिंद (22) पुत्र शेष बिंद मजदूरी करता था। रोज की तरह सुबह दस बजे वह घर से साइकिल से काम पर जा रहा था। मृतक की मां फूलमती के अनुसार ग्रामीणों ने बताया कि अतरौली गांव के पास बाइक सवार युवकों ने बाबूलाल को रोका और हॉकी से उस पर हमला बोल दिया।
विज्ञापन
उन्होंने बाबूलाल के शरीर पर वार करने के साथ ही प्राइवेट पार्ट्स पर गंभीर वार किए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद हमलावर वहां से फरार हो गए। थोड़ी ही देर में वहां भीड़ लग गई। सूचना मिलने पर हम लोग भी वहां पहुंचे बाबूलाल को जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रेमिका को देखने जा रहा था अस्पताल
मृतक की मां फूलमती
- फोटो : अमर उजाला
मृतक की मां फूलमती और पिता शेष बिंद ने बताया कि बेटे का एक युवती से प्रेमसंबंध था। रात में युवती हमारे घर आई थी। इसकी सूचना लोगों ने उसके घर दे दी। उसके घरवाले आए और उसे अपने साथ ले गए। सुबह उस युवती ने जहर खा लिया। इससे गुस्साए उसके घरवालों ने हॉकी से पीटकर मेरे बेटे की हत्या कर दी है।
उधर विषाक्त पदार्थ खाने वाली युवती का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने बताया कि बाबूलाल को पता चला कि उसकी प्रेमिका जहर खाकर अस्पताल में भर्ती है, तो उसे देखने के लिए साइकिल से जिला अस्पताल जा रहा था। इसी बीच अतरौली गांव के पास किसी वाहन से उसे धक्का लग गया जिससे उसकी मौत हो गई है।
इस मामले में मृतक के परिजनों की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई है।प्रभारी पुलिस कप्तान प्रदीप दुबे ने बताया कि शहर कोतवाली क्षेत्र के अतरौलिया गांव के पास युवक की हत्या की वजह स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद भी स्थिति साफ हो पाएगी। हालांकि परिजनों ने अभी तक तहरीर नहीं दी है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद इस प्रकरण में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई होगी।
‘हमरे ललवा क हत्यारा ले लेहलन जान..’
मौत के बाद रखा शव
- फोटो : अमर उजाला
सदर कोतवाली क्षेत्र के बकराबाद गांव निवासी युवक बाबूलाल बिंद की हत्या की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। बेटे के मौत के गम में मां फुलमती पूरी तरह से बदहवास थी। उसके साथ परिवार के अन्य लोग भी चीख-पुकार कर रहे थे। मां चीखते-चिल्लाते हुए यह कह रही थी कि ‘ए भइया, उ लोग लड़की के मामला में हमरे ललवा क जान ले लेहलन।..’
सुबह साढ़े दस बजे से पहले बकराबाद गांव का माहौल पूरी तरह से शांत था। लोग अपने-अपने काम में जुटे थे। कोई खेतों में काम कर रहा था, तो कोई घर के अंदर और बाहर आराम कर रहा था। इसी बीच जैसे ही बाबूलाल के हत्या की सूचना मिली परिवार के लोगों ने चीखना-चिल्लाना शुरु कर दिया। गांव के शांत माहौल में अशांति फैल गई।
जिस किसी को भी घटना की जानकारी हुई, उसके पैर मृतक के घर की तरफ बढ़ने लगे थे। कुछ ही देर में दर्जनों महिला और पुरुष वहां पहुंच गए और बिलख रहे परिवार के लोगों को सांत्वना देने में जुट गए। घर से निकलते समय जिन लोगों ने बाबूलाल को देखा था, वह घटना से सन्न थे और कह रहे था कि सुबह वह हंसते हुए साइकिल से जा रहा था।
मां फुलमती के आंखों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। वह बार-बार चीखते हुए एक ही वाक्य दोहरा रही थी। हमरे बेटवा क हत्या खातिर उनहन के सजा मिले के चाही।’ उसकी इस व्यथा को सुन वहां मौजूद सांत्वना देने वाली महिलाओं की आंखें भी छलछला जा रही थी।
सदर कोतवाली क्षेत्र के बकराबाद निवासी बाबूलाल की हत्या की कहानी प्रेम-प्रपंच से जुड़ी है। मृतक के परिजनों की मानें तो उससे प्रेम करने वाली युवती बुधवार को उसके घर आ गई थी। इसकी सूचना उसके घर वालों को मिली तो वह पहुंचे और उसे अपने साथ ले गए थे। उधर गुरुवार की सुबह युवती ने जहर खा लिया और उसका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। प्रेमी की मौत के बाद युवती के परिजनों की चिंता और बढ़ गई है कि आज तो उसने जहर खाकर जान देने का प्रयास किया, आगे भी कुछ ऐसा-वैसा न कर ले।
जिला अस्पताल के रजिस्टर देखा जाए तो विषाक्त पदार्थ खाने वाली युवती को दिन में नौ बजे भर्ती दिखाया गया है। जबकि प्रेमी बाबूलाल बिंद के हत्या की घटना दिन में साढ़े दस बजे हुई। इससे यह स्पष्ट हो रहा है कि युवती के विषाक्त पदार्थ खाने के बाद आक्रोश में बाबूलाल की हत्या की योजना तैयार की गई है और उसे हादसा का रंग दिया जा रहा है।
इस संबंध में जहर खाने वाली युवती के पिता ने बताया कि मृतक मेरे रिश्तेदार का लड़का था। मेरी लड़की बुधवार को दिन में दो बजे घर से निकली थी। हम लोग उसकी इधर-उधर तलाश कर रहे थे। इसी बीच रात में पता चला कि वह बाबूलाल के घर पर है। इस पर मैं वहां गया और लड़की को अपने साथ लेकर घर आया।
सुबह मैं गांव की चट्टी पर था। इसी दौरान पता चला कि लड़की ने गेहूं में रखने वाला कीटनाशक दवा खा लिया है। हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मेरे तीन पुत्र हैं और दो लड़कियां हैं। उसमें से एक दो साल का लड़का है, दूसरा पांच और बड़ा लड़का इंटर में पढ़ता है। आज बेटी द्वारा जहर खाने के बाद अब यह चिंता सताने लगी है कि आगे भी वह कुछ ऐसा-वैसा कदम न उठा ले।