वाराणसी। बेहतर कॅरियर के फिक्रमंद युवाओं की टोली शनिवार को भी सांस्कृतिक संकुल में उमड़ पड़ी। विश्वविद्यालयों एवं संस्थानों के स्टालों पर रोजगारोन्मुख पाठ्यक्रमों की जानकारी लेने की होड़ लगी रही। अमर उजाला के लक्ष्य 2013 के दूसरे और अंतिम दिन पुरस्कारों की बारिश भी हुई। शिक्षण संस्थानों ने क्विज का आयोजन किया और इनाम बांटे।
लक्ष्य 2013 के दूसरे दिन भी प्रतिभागी छात्रों की जबरदस्त भीड़ उमड़ी। विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों के स्टाल पर छात्रों ने पाठ्यक्रमों के बारे में जानकारी ली। बीटेक, एमबीए और फार्मेसी के पाठ्यक्रमों के बाबत सबसे ज्यादा जानकारी हासिल की गई। इसके अलावा, वानिकी, मास कम्युनिकेशन जैसे उभरते क्षेत्र के बारे में भी प्रतिभागियों ने दरियाफ्त किया। माइक्रोटेक ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशंस, अशोका इंस्टीट्यूट आफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलाजी, बियानी ग्रुप आफ कालेजेस, फ्यूचर ग्रुप, राजस्थान इंस्टीट्यूट आफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नालाजी, इनवर्टिस यूनिवर्सिटी, जीएलए यूनिवर्सिटी ने स्टाल पर आई भीड़ को संभालने के लिए क्विज का आयोजन किया। निबंध प्रतियोगिता में पूनम मौर्य प्रथम, प्रिया केशरी द्वितीय, दीक्षा तृतीय स्थान पर रहीं जबकि तेजांस भृगुवंशी और प्रिंस कुमार को सांत्वना पुरस्कार मिले। लकी ड्रा में अरुण कुमार रौशन, मोनिका, कामिनी सोनकर को घड़ियां मिलीं तो राजेश कुमार गुप्ता ने मोबाइल फोन जीता।
सेंटर फार कॅरियर डेवलपमेंट के प्रतिभा, आयुष बंसल, नवी आलम ने मनोवैज्ञानिक परीक्षण के जरिए छात्रों की अभिरुचि का पता लगाया। अभिरुचि के आधार पर उनको कॅरियर चुनने की सलाह दी गई। छात्रों ने उनसे भारतीय प्रशासनिक सेवा, बैंकिंग, प्रबंधन और मीडिया के क्षेत्र में कॅरियर बनाने के तरीकों के बारे में पूछा। छात्रों के साथ बड़ी संख्या में अभिभावक भी कॅरियर मेले में आए। कई लोगों ने एसबीआई और ओरियंटल बैंक ऑफ कामर्स के स्टालों से एजूकेशन लोन के बारे में पता किया और पंजीकरण कराया। विद्यार्थी अमर उजाला के स्टाल पर युवान, सफलता और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए उपयोगी पुस्तकों के बारे में जानकारी हासिल करते रहे। महाप्रबंधक एपी सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। सहायक महाप्रबंधक अमित सिंह मौके पर मौजूद रहे।
यहां से लेते रहे पाठ्यक्रमों की जानकारी
चेन्नई की एसआरएम यूनिवर्सिटी, मुंबई का आईटीएम इंस्टीट्यूट आफ हास्पिटैलिटी मैनेजमेंट, हैदराबाद की इक्फाई यूनिवर्सिटी, सिंबियोसिस पुणे, जालंधर की लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, ग्रेटर नोएडा की गलगोटिया यूनिवर्सिटी, एक्यूरेट ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशंस, ग्रेटर नोएडा इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलाजी, जयपुर का पूर्णिमा फाउंडेशन, बियानी ग्रुप आफ कालेजेस, राजस्थान इंस्टीट्यूट आफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलाजी, एसआर ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशंस झांसी, देहरादून का बीएफआईटी ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशंस, मथुरा की जीएलए यूनिवर्सिटी, बरेली का फ्यूचर ग्रुप, इनवर्टिस यूनिवर्सिटी, शारदा ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशंस आगरा, मेरठ की ग्लोकल यूनिवर्सिटी, मंगलायतन यूनिवर्सिटी अलीगढ़, वाराणसी का माइक्रोटेक ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशंस, अशोका इंस्टीट्यूट आफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलाजी।