वाराणसी। गंगा से दो सौ मीटर के दायरे में बने भवनों की मरम्मत तथा संरक्षण की अनुमति देने के लिए विकास प्राधिकरण प्रशासन एक सप्ताह में हेरिटेज सेल का गठन कर लेगा। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ने बुधवार को विभागीय अधिकारियों के साथ हुई बैठक में सहायक नगर नियोजक को भवन उपविधि के प्रावधान के अनुरूप सेल के गठन के लिए जल्द प्रस्ताव देने की हिदायत दी।
विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष वीके सिंह ने बताया कि गंगा से दो सौ मीटर के दायरे में बने पुराने भवनों की मरम्मत और संरक्षण के लिए नियमावली बनाकर शासन को भेज दी गई है। जल्द ही शासन को पत्र लिखकर नियमावली के संबंध में दिशानिर्देश मांगा जाएगा। सभी जोनल अधिकारियों के अलावा सहायक तथा अवर अभियंताओं को ड्यूटी वाले क्षेत्रों में गंगा से दो सौ मीटर के क्षेत्र में प्रतिदिन भ्रमण कर अवैध निर्माण पर रोक लगाने के लिए कहा गया है। बताया कि प्रतिबंधित क्षेत्र में किए गए नए निर्माण ध्वस्त किए जाएंगे। गंगा के किनारे स्थित जिन चार भवनों की कंपाउंडिंग की गई थी, अभियंताओं को वहां किसी भी तरह का निर्माण नहीं होने देने की हिदायत दी गई है। दो सौ मीटर के अंदर 57 अवैध निर्माणों की सूची तैयार की गई थी। इनमें से छह निर्माणों के प्रकरण शासन तथा मंडलायुक्त के यहां लंबित हैं। पत्र लिखकर सभी मामलों को यथाशीघ्र निस्तारित करने का अनुरोध किया गया है। उधर, प्राधिकरण के संयुक्त सचिव सतीश मिश्र ने दलबल के साथ गायघाट, बालाजी घाट, रामघाट, मंगला गौरी, राजमंदिर क्षेत्र में भ्रमण कर अवैध निर्माणों की खोजबीन की। प्रतिबंधित क्षेत्र में कोई अवैध और नया निर्माण नहीं मिला। संयुक्त सचिव ने बताया कि दो सौ मीटर की सीमा से बाहर बुलानाला तथा भैरोनाथ क्षेत्र में तीन जगहों पर अवैध निर्माण मिले। संबंधित भवन स्वामियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।