वाराणसी। एसपी यातायात जीएन खन्ना ने क्षेत्रीय प्रबंधक परिवहन निगम को भी अपनी बसों से प्रेशर हार्न उतारने का अनुरोध किया है। इसी प्रकार कई अन्य विभागों को भी पत्र भेजकर अपने वाहनों से प्रेशर हार्न उतारने के लिए कहा गया है। आज जनता को जागरूक करने के लिए शहर में होर्डिगिं लगवाने की तैयारी की जा रही है।
एसएसपी के निर्देश पर यातायात विभाग ने 48 वाहनों का चालान कर 21 हजार रुपये शमन शुल्क वसूल किया। इस बीच 25 वाहनों से प्रेशर हार्न उतरवाए गए। शहर की पुलिस ने भी 100 वाहनों का चालान कर 56 हजार रुपये वसूल किया। साथ ही 77 वाहनों से प्रेशर हार्न उतार गए। ग्रामीण थानों की पुलिस ने भी 76 वाहनों से प्रेशर हार्न उतरवाया। शुक्रवार को अभियान में कुल 280 वाहनों से प्रेशर हार्न उतारे गए। बता दें कि तीन दिन पहले लहरतारा में बस के प्रेशर हार्न की वजह से एक्सीडेंट होने पर सीमेंट एजेंसी के कर्मचारी मोहन की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद एसएसपी अजय कुमार मिश्र के निर्देश पर पुलिस प्रेशर हार्न के खिलाफ अभियान चला रही है। पुलिस को पता चला है कि ज्यादातर अनुबंधित बसों में भी इस तरह के हार्न लगे हैं। लोक निर्माण विभाग समेत कई अन्य विभागों को भी इस आशय का पत्र भेजा गया है। एसपी ट्रैफिक ने बताया कि जागरूकता के लिए सामाजिक संगठनों की मदद से प्रमुख स्थानों पर हार्न न बजाने संबंधी होर्डिगिं लगवाई जाएंगी।