वाराणसी। मैन आफ द फाइनल मैच उपेंद्र कुमार सिंह के बेहतरीन प्रदर्शन की मदद से आरडीएसओ ने डीरेका को 73-52 के अंतर से परास्त कर संत अतुलानंद स्कूल की होलापुर शाखा के मैदान पर चल रही 52वीं यूपी स्टेट बास्केटबाल चैंपियनशिप में खिताबी जीत दर्ज की। इससे पहले सेमीफाइनल में डीरेका ने एसएसबी को कांटे की टक्कर में 73-70 से हराया था जबकि आरडीएसओ लखनऊ ने एनईआर गोरखपुर को 94-56 के अंतर से परास्त कर फाइनल में प्रवेश किया था।
बुधवार की शाम संत अतुलानंद स्कूल की होलापुर शाखा के बास्केटबाल कोर्ट पर खेले गए फाइनल मैच में आरडीएसओ की टीम शुरू से ही मैच में हावी रही। उपेंद्र के अलावा अंकुर आनंद ने अपनी टीम के लिए सबसे अधिक बास्केटबाल अंक बटोरे। आरडीएसओ के अंकुर आनंद को प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। वाराणसी की खिताबी जीत में सबसे अहम किरदार निभाने वाली प्रीति को महिला वर्ग का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि विधायक सुशील सिंह ने विजेता एवं उपजेता टीम के खिलाडि़यों को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर एमएलसी चेत नारायण सिंह, अंजन नारायण सिंह, भूपेंद्र सिंह, अतुल सिन्हा आदि मौजूद थे। संचालन डीबी सिंह ने किया। जिला बास्केटबाल संघ के सचिव डा. एके सिंह ने आगतों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।