वाराणसी। बिजली दरों में वृद्धि के खिलाफ 22 नवंबर को पूर्वांचल समेत यूपी के सभी स्टील प्लांट बंद रहेंगे। अन्य इंडस्ट्रीज दोपहर 12 से 2 बजे तक बंद रहेंगी। पावर कारपोरेशन द्वारा कामर्शियल और इंडस्ट्रियल बिजली की दरों में 30 से 45 प्रतिशत प्रति यूनिट बढ़ोतरी को लेकर उद्योगपतियों में आक्रोश है।
रामनगर इंडस्ट्रियल इस्टेट एसोसिएशन के अध्यक्ष आरके चौधरी ने कहा कि बिजली दरों में वृद्धि के विरोध में पूर्वांचल समेत पूरे यूपी के स्टील उद्योग गुरुवार को पूरे दिन बंद रहेंगे। बिजली दर में बढ़ोतरी के खिलाफ हाईकोर्ट में मुकदमा दाखिल किया गया है जिसकी सुनवाई 22 नवंबर को होगी।
वहीं सिकंदराबाद औद्योगिक क्षेत्र में छोटी बड़ी इंडस्ट्रीज की संख्या 400 से अधिक है। करीब एक दर्जन विदेशी कंपनियां भी बड़े स्तर पर एक्सपोर्ट सामग्री तैयार कर विदेश को सप्लाई करती हैं। क्षेत्र के उद्योग बंधु हर माह करीब 15 करोड़ रुपये बिजली का बिल पावर कारपोरेशन को देते हैं। बढ़ोतरी के बाद अब 15 करोड़ की जगह 20 करोड़ से अधिक चुकाने पड़ेंगे। आईआईए चैप्टर सिकंदराबाद के अध्यक्ष संदीप अग्रवाल ने बताया पिछले दिनों मुजफ्फरनगर में यूपी के उद्योग बंधु बढ़ोतरी को लेकर इकट्ठा हुए थे। यूपी में दोपहर 12 से 2 बजे तक उद्योग बंद रखने का फैसला किया गया है।