फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

परमवीर चक्र विजेता ने बढ़ाया युवाओं का हौसला

Sun, 11 Nov 2012 12:00 PM IST
Varanasi
विज्ञापन
विज्ञापन
वाराणसी/बड़ागांव। जम्मू-कश्मीर की रेजीमेंट में तैनात परमवीर चक्र विजेता नायब सूबेदार योगेंद्र सिंह यादव ने शनिवार को युवाओं का हौसला बढ़ाया। कारगिल युद्ध के दौरान अपने अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि साहस के साथ दृढ़ता हो तो मंजिल जरूर मिलती है। बड़ागांव में बलदेव पीजी कालेज में पौधरोपण के बाद वह नगवा स्थित ध्येय स्कूल आफ कंपटीशन में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के बीच पहुंचे थे।
विज्ञापन

बलदेव पीजी कालेज में दोपहर स्वागत के बाद उन्होंने कहा कि धरती माता को प्रदूषण मुक्त रखने के लिए दीपावली पर पटाखों के इस्तेमाल से बचें। युवा बारूद का इस्तेमाल सिर्फ मातृभूमि की रक्षा के लिए करें। इसके लिए छात्रों को शपथ दिलाई। कहा कि युवा राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है। इस शक्ति का सही दिशा में उपयोग होना चाहिए। नगवा स्थित ध्येय स्कूल आफ कंपटीशन के परिसर में उन्होंने कहा कि कभी हिम्मत नहीं हारनी चाहिए। बुलंदशहर के औरंगाबाद स्थित अहीर गांव में जन्मे योगेंद्र को 19 वर्ष की उम्र में परमवीर चक्र से नवाजा गया था। 1999 में 16500 फीट की ऊंचाई पर टाइगर हिल चोटी पर पहले ग्रेनेडियर जत्थे के सात सदस्यीय दल का नेतृत्व करने के दौरान उनके छह साथी शहीद हो गए थे। योगेंद्र को भी 15 गोलियां और ग्रेनेड के छर्रे लगे थे। इससे पहले प्राचार्य डा. उदयन मिश्र की अगुवाई में डा. वीएन सिंह, अखिलेश सिंह, आलोक चौबे, प्रशांत त्रिपाठी ने स्वागत किया।
इनसेट
जिम्मेदार बने और खुद को सुधारें
वाराणसी। परमवीर चक्र विजेता योगेंद्र सिंह यादव ने कहा कि हर नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। किसी ओहदे पर अपनी खूबी साबित करने से पहले एक नेक इंसान बनने की जरूरत पर बल दिया। अगर व्यक्ति खुद में सुधार लाए तो समाज सुधर जाएगा। वह ध्येय स्कूल आफ कंपटीशन नगवा में अमर उजाला से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लोग अपनी जिम्मेदारी समझें और फिर उसका बखूबी निर्वाह करें, यह आज की जरूरत है। किसी की गलतियों को देखने, पछताने से अच्छा होगा कि पहले अपने भीतर बदलाव लाने का प्रयास किया जाए।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें