वाराणसी। बाइक के टकरा जाने पर कार सवार दबंगों ने चिकित्सक के पुत्र की जमकर पिटाई ही नहीं की बल्कि फायरिंग कर दहशत भी फैला दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने कार सवार तीन लोगों को शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। हालांकि थाने पर दोनों पक्षों में समझौता कराने के लिए काफी दबाव पड़ा। घटना लंका थाना क्षेत्र के सुंदरपुर में रविवार की रात घटी।
बृज इंक्लेव के रहने वाले एक डॉक्टर का पुत्र बीएचयू से एमएस कर रहा है। रविवार की रात लगभग आठ बजे वह अपनी बाइक से बाजार जा रहा था। सुंदरपुर फल मंडी के समीप उसकी बाइक दबंगों की कार से टकरा गई। इस बीच कार में सवार पांच युवक बाहर निकल आए। उन्होंने बाइक सवार डाक्टर के पुत्र को तीन-चार थप्पड़ जड़ दिया। उसका आरोप था कि दबंगों ने दहशत फैलाने के लिए दो चक्र हवाई फायरिंग भी की। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीन लोगों को पकड़ लिया लेकिन कार सवार दो लोग भाग निकले। थाने में तीनों युवकों के पहुंचते ही सत्ता पक्ष से जुड़े लोगों की भीड़ जुट गई। काफी दबाव पड़ने पर पुलिस ने दोनों पक्षों में समझौता कर लिया। पकड़े गए लोगों में एक गाजीपुर और दो भदोही के दबंग परिवार से जुड़े बताए जा रहे हैं। इस बाबत थानाध्यक्ष एके सिंह ने बताया कि पकडे़ गए युवकों को शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार किया गया है। मौका मुआयने के दौरान फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है।