वाराणसी। बीएचयू में छात्रसंघ बहाली के मुद्दे पर छात्रनेेताओं ने आरपार की लड़ाई लड़ने का निर्णय लिया है। भारत माता मंदिर पर सोमवार को हुई छात्र महापंचायत में आंदोलन की रुपरेखा तय की गई। इसके पहले चरण में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल कुलपति से मिलकर विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखेगा।
छात्र महापंचायत की अध्यक्षता करते हुए बीएचयू छात्रसंघ के पूर्व महामंत्री उमेश सिंह ने बताया कि कई बार मांग उठाए जाने के बाद न तो अब तक छात्रों का निलंबन वापस हुआ और न ही दर्ज मुकदमा हटाया गया। अब जबकि परीक्षाएं नजदीक आती जा रही हैं, ऐसे में छात्रावासों से पीएसी तत्काल हटाई जानी चाहिए। बीएचयू,काशी विद्यापीठ, संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय, यूपी कालेज सहित अन्य कालेजों के छात्रसंघ पदाधिकारियों, छात्रनेताओं ने चरणबद्ध आंदोलन चलाने का संकल्प लिया। इसके साथ ही विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा मांगों पर कार्रवाई न करने पर छात्र युवा सम्मेलन , लोक सभा घेराव, प्रधानमंत्री, मानव संसाधन विकास मंत्री, राष्ट्रपति को ज्ञापन देने और अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी गई। संचालन विनय शंकर राय मुन्ना ने और धन्यवाद ज्ञापन एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष अमित कुमार राय ने किया।