वाराणसी। बंगलूरू शहर में बाबा विश्वनाथ का अब आलीशान बंगला होगा। वहां के एक भक्त ने अपने 16 कमरों वाले रिहायशी भवन को बाबा के नाम दान कर दिया है। देश के किसी राज्य में बाबा को भवन पहली बार दान में मिला है। बाजार में इस मकान की कीमत साढ़े चार करोड़ रुपये आंकी गई है। वसीयत मिलने के बाद न्यास परिषद के अध्यक्ष आचार्य पं. अशोक द्विवेदी और मुख्य कार्यपालक अधिकारी सीपीएन उपाध्याय भवन की निरीक्षण करने के लिए बंगलूरू रवाना हो गए हैं। जल्द ही मंदिर प्रशासन वहां दक्षिण भारतीय श्रद्धालुओं के लिए भस्म और प्रसाद वितरण की व्यवस्था करेगा।
कर्नाटक के बंगलूरू निवासी सच्चिदानंद ज्ञावली ने अपना दो मंजिला मकान बाबा विश्वनाथ के नाम दान कर दिया है। इसके लिए उसने रजिस्टर्ड
वसीयत लिखी है। इसमें उसने गरीबों की सेवा और लोक कल्याण की भावना जाहिर की है। बाबा को अपना मकान दान करने वाले सच्चिदानंद को कोई संतान नहीं है। मंदिर प्रशासन ने रविवार की दोपहर सच्चिदानंद की ओर मंदिर के नाम लिखी गई वसीयत की पुष्टि की। अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी पीएन द्विवेदी ने बताया कि बंगलूरू शहर के सर्किल रेट के हिसाब से भवन की कीमत सवा दो करोड़ रुपये है, जबकि बाजार में उसकी कीमत साढ़े चार करोड़ तक आंकी जा रही है। किसी दूसरे राज्य में भवन पहली बार दान में मिला है। इस भवन को जल्द ही भव्यता प्रदान की जाएगी। मंडलायुक्त आरएम श्रीवास्तव को भी इस वसीयत के बारे में जानकारी दी गई है। न्यास अध्यक्ष और मुख्य कार्यपालक अधिकारी भवन का निरीक्षण करने के लिए बंगलूरू रवाना हो गए हैं,ताकि दक्षिण भारत में भी बाबा के भक्तों के लिए नया केंद्र खोला जा सके।
इनसेट
गोशाला के लिए दान में मिलेंगी गायें
वाराणसी। काशी विश्वनाथ मंदिर को गाय दान में देने की एक भक्त ने रविवार को पेशकश की। मंदिर न्यास परिषद के गोशाला खोलने की घोषणा के बाद सिगरा के एक भक्त ने दोपहर बाद मंदिर कार्यालय में अधिकारियों से मुलाकात की। उसने अपनी छह गायें और दो सांड़ दान में देने की पेशकश की। अपर मुख्य अधिकारी पीएन द्विवेदी ने इसकी पुष्टि की।