दानगंज। मुनारी गांव के बकेनीपुरा पुरवे की राजभर बस्ती में डायरिया का कहर जारी है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोलापुर में बुधवार को दो नए मरीज भर्ती किए गए। इस बीच बीडीओ और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर लोगों के इलाज का जायजा लिया।
बकेनीपुरा की राजभर बस्ती में शनिवार से उल्टी-दस्त का प्रकोप शुरू हुआ। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती 24 में से कुछ मरीजों को बुधवार को डिस्चार्ज कर दिया गया। वहीं दो महिलाएं चंदा(40) और रीता (30) भी डायरिया की चपेट में आ गईं। इनमें रीता का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है जबकि चंदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती है। इस बीच एडिशनल सीएमओ डा. आरपी तिवारी और बीडीओ चोलापुर रमेश यादव ने पीडि़तों से बात करने के बाद गांव में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। इस दौरान ग्राम पंचायत सचिव ने दो हैंडपंप लगाने के लिए कहा। इसके बाद बीडीओ ने जल निगम को पत्र लिखकर जल्द ही हैंडपंप लगवाने और पहले से खराब पड़े हैंडपंप को रीबोर कराने का आश्वासन दिया। उधर, ग्रामीणों ने साफ-सफाई और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
मंडलीय अस्पताल में 14 भर्ती
वाराणसी। शिवप्रसाद गुप्त मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा में डायरिया से पीडि़त 14 मरीज बुधवार को भर्ती किए गए। इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे आदमपुर, चौक, जैतपुरा, कोतवाली के इन मरीजों को जांच के बाद भर्ती किया गया।