मिर्जामुराद। प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी की ताजपोशी के बाद खजुरी के लोगों ने सोमवार को खुशियां मनाईं। इस गांव में चुनाव के पहले नरेंद्र मोदी ने विजय शंखनाद रैली की थी। यहां के आम और खास लोगों का कहना है कि नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने से गांव का गौरव बढ़ा है। इसको लेकर वे बेहद उत्साहित हैं। बेनीपुर, करधना, कल्लीपुर आदि गांवों में जश्न मनाया गया, मिठाइयां बांटी गईं।
खजुरी स्थित मोदी की विजय शंखनाद रैली स्थल से सटे अर्जुन प्रसाद इंटर कालेज के प्रबंधक अशोक सिंह पटेल का कहना है कि मोदी का पीएम बनना प्रसन्नता की बात है। मोदी का यहीं से प्रधानमंत्री पद तक का मार्ग प्रशस्त हुआ, यहां के लोगों के लिए यह खुशी की बात है। खजुरी के चाय विक्रेता रामदौर ने कहा कि मोदी के प्रधानमंत्री बनने से हम लोगों की गरिमा बढ़ी है। इसी गांव की 80 वर्षीय महिला ने भी खुशी जताई। कहा कि जे खजुरी में सभा करै आयल रहलन, उहै प्रधानमंत्री बनल हैं। इसके अलावा बेनीपुर में अवधेश दुबे, करधना में प्रेमनारायण पटेल, कल्लीपुर में तोयद सिंह, मेहंदीगंज में प्रह्लाद गुप्ता और अदमापुर में ग्राम प्रधान सत्यनारायण के नेतृत्व में जश्न मनाया गया और मिठाइयां बांटी गईं।
0
इनसेट
मोदी बने पीएम...पर थिरके लोग
मिर्जामुराद। मोदी बने पीएम, इंडिया होगा नंबर वन..गीत मिर्जामुराद में जब डीजे पर बजा तो लोग थिरकने लगे। भाजपा नेता संजीव सिंह गौतम के नेतृत्व में आयोजित समारोह में लोगों ने एक-दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर एक-दूसरे को बधाई दी। इसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। इस मौके पर मुकेश गुप्ता, सुरेंद्र बिंद, जंगली गुप्ता, छोटे साहू, जयप्रकाश, अशोक मिश्र, सुरेंद्र कुमार, चंद्रशेखर बिंद मौजूद रहे।