वाराणसी (ब्यूरो)। झारखंड के ग्रामीण विकास, पंचायती राज-नियोजन मंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कृष्णानंद त्रिपाठी ने भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी से 24 अप्रैल को नामांकन से पहले श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन कर हर-हर मोदी के नारे के लिए माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोगों ने हर-हर मोदी का नारा लगवाया था।
इंग्लिशिया लाइन स्थित कांग्रेस के जोन कार्यालय में रविवार को पत्रकारों से बातचीत में कृष्णानंद ने बिहार में भाजपा नेता गिरिराज सिंह पर मोदी के समर्थन में गलत बयान देने का आरोप लगाया। कहा कि गिरिराज ने मोदी को समर्थन नहीं देने वालों को पाकिस्तान जाने की बात कही है। उन्होंने मोदी से अमित तथा गिरिराज जैसे नेताओं के बयान पर नियंत्रण कर दंडित करने की मांग की। उन्होंने भाजपा नेताओं पर दोहरी नीति अपनाने का आरोप भी लगाया। साथ ही नरेंद्र मोदी और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को बाहरी बताकर लोगों से कांग्रेस का साथ देने का आग्रह किया।