वाराणसी। हरिश्चंद्र कालेज के छात्रसंघ के पदाधिकारियाें ने 20 सूत्री मांगें पूरी नहीं होेने पर आंदोलन का ऐलान कर दिया है। उनका कहना है कि 27 नवंबर तक कालेज प्रशासन ने उनकी मांगें पूरी नहीं कीं तो वे 28 नवंबर से आंदोलन शुरू कर देंगे। पहले चरण में 28 नवंबर को काली पट्टी बांधकर महाविद्यालय परिसर में धरना देंगे। 29 नवंबर को जुलूस निकालेंगे और 30 नवंबर को प्राचार्य और प्रबंधक के कार्यालय का घेराव करेंगे।
मंगलवार को कालेज परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में छात्रसंघ अध्यक्ष विनय कुमार ने बताया कि बीते 14 नवंबर को प्राचार्य को उन्होंने 20 सूत्री मांगपत्र सौंपा था। इसी सिलसिले में 21 नवंबर को छात्रसंघ के पदाधिकारी प्राचार्य से बातचीत करने गए थे लेकिन उन्हाेंने छात्रसंघ पदाधिकारियों पर मारपीट और तोड़फोड़ करने का झूठा आरोप लगाकर कोतवाली थाने में तहरीर दे दी। इसके बाद छात्रों को इस मामले में नोटिस भी जारी कर दिया गया। हालांकि उन्हें अभी नोटिस नहीं मिला है। उन्हाेंने बताया कि मांगपत्र में कालेज को स्वायत्तता प्रदान करने, छात्रसंघ का पैसा अन्य मदाें में खर्च नहीं करने, एलएलएम और एमएड पाठ्यक्रम की मान्यता देने, तीन वर्षों से लंबित छात्रवृत्ति का भुगतान करने, पुस्तकालयाें में नई पुस्तक मंगाने समेत 20 मांगें शामिल हैं। प्रेसवार्ता के दौरान छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष अमित यादव, वर्तमान महामंत्री मुकेश यादव, उपाध्यक्ष कमाल अख्तर, सन्नी केसरी, राहुल श्रीवास्तव आदि मौजूद थे।