वाराणसी। समाजवादी पार्टी के नवनियुक्त महानगर अध्यक्ष राकेश जैन का वाराणसी पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। कैंट रेलवे स्टेशन पर कार्यकर्ताओं की भीड़ के चलते व्यवस्था छिन्न-भिन्न हो गई। बिना प्लेटफार्म टिकट के ही सैकड़ों कार्यकर्ता प्रवेश कर गए और नारेबाजी करते रहे। शहर भर में स्वागत के लिए द्वार बनाए गए थे, जहां समर्थकों ने फूलमालाओं से उन्हें लाद दिया।
बरेली इंटरसिटी एक्सप्रेस से वह कैंट रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। कार्यकर्ता पहले से ही ढोल नगाड़ा लेकर इंतजार कर रहे थे। प्लेटफार्म से लेकर परिसर के बाहर तक कार्यकर्ता नजर आ रहे थे। उनके पहुंचते ही नारेबाजी शुरू हो गई। ढोल-नगाड़े की धुन पर कार्यकर्ता नाचने लगे। स्टेशन पर अखिलेश मिश्रा, पूर्व विधायक अब्दुल समद अंसारी, अशफाक डबलू, योगेंद्र यादव, डा. उमाकांत यादव, शंकर विशनानी, रामशरण बिंद, नवनीत पांडेय अतुल, रितेश केशरी, वरुण सिंह, सुधीर सिंह, दीपचंद गुप्ता आदि नेताओं ने उनका अभिनंदन किया। उसके बाद काफिला इंग्लिशिया लाइन, मलदहिया, लहुराबीर, कबीरचौरा, मैदागिन, बुलानाला होते हुए चौक पहुंचा। वहां हुई सभा में महानगर अध्यक्ष ने कहा कि शहर के सभी वार्डों में संगठन को मजबूत और जुझारू बनाया जाएगा। व्यापारियों की समस्याओं का निस्तारण, सीवर, बिजली, सड़क और पानी की समस्याओं का समाधान कराने के लिए लड़ाई लड़ी जाएगी। जिला उद्योग व्यापार मंडल के विजय यादव, जेपी तिवारी, अजय रत्ना, राष्ट्रीय वैश्य चेतना मंच के प्रकाश जायसवाल, काशी व्यापार प्रतिनिधि मंडल के अखिलेश सिंह, राजेंद्र खन्ना आदि ने भी उनका स्वागत किया।