कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए वाराणसी शहरी और ग्रामीण इलाके में चल रही मोबाइल फ्लू क्लीनिक में शनिवार को कुल 9441 लोगों की जांच की गई। इसमे 17 लोगों में कोरोना के संदिग्ध लक्षण मिलने पर उन्हें जांच के लिए दीनदयाल अस्पताल और शिवपुर सैंपल कलेक्शन सेंटर में जांच के लिए रेफर किया गया। जिलाधिकारी ने सभी लोगों को सैंपल देने का निर्देश दिया है। साथ ही लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर चलाई जा रही क्लीनिक में शनिवार को शहरी क्षेत्र में 7816 लोगों की स्क्रीनिंग हुई। इसमें 327 लोग सामान्य सर्दी, खांसी, जुकाम, बुखार वाले मिले। दो लोगों को कोरोना की जांच के लिए रेफर किया गया। जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने बताया कि अब तक शहरी क्षेत्र से कुल 134 लोगों को कोरोना की जांच के लिए रेफर किया जा चुका है।
ऐसे सभी लोगों को दीनदयाल अस्पताल और शिवपुर में जाकर जांच कराने को भी कहा गया। उधर ग्रामीण इलाके में चल रही विलेज क्लीनिक में शनिवार को 1625 मरीज देखे गए। 233 सर्दी, खांसी, जुकाम, डायबिटीज और हाइपरटेंशन वाले मिले। यहां से कुल 15 लोगों में कोरोना के लक्षण मिलने पर उन्हें जांच के लिए रेफर किया गया।